
“रामगांव थाने में छात्रा बनी एक दिन की थानेदार, थानाध्यक्ष आलोक सिंह की अनूठी पहल ने दिया नारी सशक्तिकरण को बड़ा संदेश!”
अमृत स्वरूप बहराइच अनूप मिश्रा।
बहराइच के रामगांव थाने में एक अनूठी पहल के तहत नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए थानाध्यक्ष आलोक सिंह ने पुष्पा देवी आदर्श विद्यालय की छात्रा प्रियंका सिंह को एक दिन का थानेदार बनाया। यह कदम प्रदेश सरकार द्वारा नारी सशक्तिकरण और सम्मान को लेकर चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना है। आगामी नवरात्र में पूरे प्रदेश में नारी सशक्तिकरण के लिए जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, और यह पहल उसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है।एक दिन के लिए थानेदार बनी प्रियंका ने थाने में आई शिकायतों की सुनवाई की और कुछ मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए। इस दौरान थाने का पूरा स्टाफ उनके साथ मुस्तैदी से ड्यूटी पर नजर आया। इस पहल का उद्देश्य न केवल महिलाओं को कानून व्यवस्था से जोड़ना है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाने का भी है।थानाध्यक्ष आलोक सिंह ने बताया कि यह पहल महिलाओं में आत्मनिर्भरता विकसित करने और समाज में उनकी भागीदारी को बढ़ाने के लिए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर की गई है। कार्यक्रम के दौरान कई अन्य छात्राएं और थाने का स्टाफ भी उपस्थित रहा, जिसने इस अभियान को और भी प्रभावी बना दिया। इस तरह की पहल नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक संदेश देती है।