
मिर्जापुर: महिला मजदूरों ने लेबर कार्ड बनवाने को लेकर किया प्रदर्शन, प्रशासन से की कैंप लगाने की मांग.
मिर्जापुर। ग्रामीण इलाकों में सरकार की श्रमिक योजनाएं अब भी मजदूरों की पहुंच से दूर हैं। शुक्रवार को सदर तहसील और छानबे ब्लॉक के काशी सरपत्ती गांव में मनरेगा में काम करने वाली महिला मजदूरों ने लेबर कार्ड बनवाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को संबोधित पत्र ईमेल के जरिए भेजा और गांव में श्रम विभाग का कैंप लगवाने की मांग की। मजदूरों ने कहा कि वे कई बार विभाग का चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन अब तक कार्ड नहीं बन पाया।
क्या है मजदूरों की मांग?
गांव में श्रम विभाग का कैंप लगाकर लेबर कार्ड बनाया जाए।बार-बार चक्कर लगाने और दलालों के चंगुल से बचाया जाए।सरकार की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए।
कौन-कौन रहा प्रदर्शन में शामिल?
वंदना देवी, भुवरी देवी, उषा देवी, नीलम, कर्मावती देवी, मोनिका, रीता, सरोज, अनीता देवी, सावित्री देवी, गायत्री देवी, सुनीता देवी और फुलगेना देवी सहित दर्जनों महिला मजदूरों ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
यूनियन का समर्थन:
मिर्जापुर असंगठित कामगार यूनियन के महामंत्री मंगल तिवारी ने बताया कि उन्हें मजदूरों का पत्र मिला है, जिसे जिलाधिकारी को भेजा जाएगा।
प्रशासन की प्रतिक्रिया:
संबंधित विभाग ने ऑनलाइन आवेदन करने की सलाह देकर पल्ला झाड़ लिया। मजदूरों का कहना है कि उनके पास स्मार्टफोन नहीं है, जिससे वे आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।