राजस्व मामलों पर डीएम सख्त, नई व्यवस्था दी
गोण्डा राजस्व मामलों पर जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने राजस्व अभिलेखों को अद्यतन रखने के लिए निर्विवाद उत्तराधिकारियों के नाम खतौनियों में दर्ज करने के लिए 30 मई से 31 जुलाई तक दो माह का विशेष अभियान चलाने की तिथि तय की है। बताया कि निर्विवाद उत्तराधिकारियों के नाम खतौनियों में दर्ज किये जाने का अभियान चलेगा।
इसमें आवेदक द्वारा प्रार्थना पत्र दिया जाना है। वह स्वयं आनलाइन अथवा जन सेवा केन्द्र पर प्रार्थना पत्र भरने के लिए राजस्व परिषद की वेबसाइट के मुख पृष्ठ पर दिये गये राजस्व न्यायालय कम्प्यूट्रीकृत प्रबन्धन प्रणाली लिंक पर उपलब्ध उत्तराधिकार या वरासत का आवेदन करेगा।
लिंक पर जा कर अपना मोबाइल नंबर अंकित करेगा, मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी को भरकर अपना पंजीकरण करेंगा तथा वांछित सूचनायें पोर्टल पर भरेगा। इसके बाद लेखपाल द्वारा रिपोर्ट दिये जाने की स्थिति में लेखपाल अपनी लागिन से विवरण देंगे। इसके बाद वह राजस्व निरीक्षक के पास स्वत: पहुंच जाएगा। इसके बाद इसका निस्तारण होगा। इसके साथ ही ऐसे कास्तकार के लिए जो सामान्यतः ग्रामों में निवास नही कर रहे हैं या जिनका निर्धारित दिवस पर राजस्व ग्रामों में पहुंचना संभव न हो, उनके लिए जनपद के प्रत्येक तहसील में एक विशेष काउन्टर खोला गया है। जहां अविवादित वरासतों को दर्ज करने हेतु प्रार्थना पत्र प्राप्त किये जायेगें।